भारत में 25 करोड़ की आबादी वाला वैश्य समुदाय करेगा भाजपा प्रत्याशियों का समर्थन
इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन की कटरा जम्मू कश्मीर में हुई राष्ट्रीय अधिवेशन में बनी आम सहमति
सुलतानपुर। इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के नेशनल एक्जीक्यूटिव मेंबर डी पी गुप्ता एडवोकेट पत्रकार ने बताया कि कटरा जम्मू कश्मीर में सम्पन्न हुई आईवीएफ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अधिवेशन में समाज निर्माण में सदैव परोपकारी रहे वैश्य समुदाय की बेहतरी के लिए व्यापक चर्चा परिचर्चा हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में कवींद्र गुप्ता पूर्व उप मुख्यमंत्री जम्मू-कश्मीर व विशिष्ठ अतिथि के रूप में पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा श्याम जाजू , विश्व हिंदू परिषद जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल व संचालन डा अजय कुमार गुप्ता ने किया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में विधायक लखनऊ एवं आईवीएफ उत्तर प्रदेश अध्यक्ष डा. नीरज बोरा द्वारा लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने हेतु प्रस्तुत प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित हुआ। देश भर में फैले इंटरनेशनल वैश्य फेडरेशन के सदस्य व पदाधिकारी अपने अपने इलाके के भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने हेतु तत्पर रहेंगे। इस दौरान समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता श्याम जाजू लेखराज माहेश्वरी दिल्ली के सुभाष गुप्ता कानपुर के उमाशंकर गुप्ता फर्रूखाबाद के एस.पी.अग्रवाल बागपत के अभिमन्यु गुप्ता को रामदास जनसेवा सम्मान प्रदान किया गया। बैठक में नेपाल सहित भारत के सभी राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। विधायक डॉ नीरज बोरा के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के 45 डेलिगेट्स ने भाग लिया। राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए विधायक डा. नीरज बोरा ने बताया कि वैश्य समाज सुदीर्घ काल से राष्ट्रवादी विचारधारा का पोषक रहा है। राष्ट्र पर संकट के समय भामाशाहों ने न केवल अपनी तिजोरियां खोली हैं अपितु शस्त्र लेकर मैदान में भी बहादुरी से डटे हैं। जम्मू-कश्मीर में देश के सभी राज्यों से पधारे वैश्य प्रतिनिधियों ने एक स्वर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत संकल्प को पूरा करने में योगदान देने और उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूर्ण योगदान देने की घोषणा की। उद्घाटन सत्र में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक अग्रवाल ने वैश्यों से एकजुट होकर मतदान करने तथा शत प्रतिशत मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। इस अवसर पर संगठन के प्रादेशिक इकाईयों के क्रियाकलापों का विवरण तथा देश भर में संगठन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत हुई।
