18 साल की उम्र में तेजस मिश्रा का कमाल, सेना में अफसर बनने की राह पर ऑल इंडिया 14वीं रैंक
सुलतानपुर जनपद के लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र से एक गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। क्षेत्र के ग्राम डकाही (वर्तमान में नगर पंचायत वार्ड नंबर 4, कृष्णानगर) निवासी तेजस मिश्रा ने महज 18 वर्ष की आयु में भारतीय सेना की प्रतिष्ठित अफसर चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया स्तर पर 14वीं रैंक प्राप्त की है। इतनी कम उम्र में मिली इस बड़ी उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन कर दिया है। क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग इसे ऐतिहासिक सफलता के रूप में देख रहे हैं।
तेजस मिश्रा को देशसेवा की प्रेरणा उनके बाबा अवध विहारी मिश्रा से मिली, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। परिवार की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तेजस ने अनुशासन, समर्पण और कड़ी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता राजेन्द्र प्रसाद मिश्रा दीवानी न्यायालय में क्राइम के अधिवक्ता हैं। हालांकि परिवार का जुड़ाव न्यायिक क्षेत्र से रहा है, लेकिन तेजस ने अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखते हुए सेना में अफसर बनने का सपना चुना और उसे साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
तेजस की प्रारंभिक शिक्षा ऑल सेट्स इंग्लिश मीडियम स्कूल से हुई, जहां उन्होंने मजबूत शैक्षणिक नींव तैयार की। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने बाबा, माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सहयोग को दिया है। तेजस की इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया है, यह साबित करते हुए कि सच्ची मेहनत और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।


