लंभुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38 किलो 300 ग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
सुलतानपुर। जनपद में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लंभुआ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंभुआ पुलिस टीम ने 38 किलो 300 ग्राम नाजायज गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 20 जनवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी लंभुआ के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष लंभुआ के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सुबह करीब 10:05 बजे चौकिंग के दौरान भटौलीया जंगल, विवेक नगर कस्बा लंभुआ क्षेत्र से संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से सफेद प्लास्टिक की बोरी में रखा 38 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कुंवर शिवम सिंह पुत्र कुंवर दिलीप सिंह निवासी ग्राम शाहपुर पुन थाना लंभुआ, उम्र करीब 22 वर्ष तथा रोहित जायसवाल पुत्र लालचन्द्र जायसवाल निवासी दियारा रोड कस्बा लंभुआ, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में गांजा तस्करी में संलिप्तता की पुष्टि होने पर दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, इसी घटना में शामिल अन्य अभियुक्त मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना लंभुआ पर मु0अ0सं0 027/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।


