प्रधानमंत्री की योजनाएं हर गांव और हर घर में पहुंची : सांसद मेनका
हर गरीब के पास होगा अपना आशियाना : सांसद मेनका
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। पूर्व केंद्रीय मंत्री सिटिंग सांसद व भाजपा प्रत्याशी मेनका संजय गांधी ने चुनावी कैंपेन के 42 वें दिन लंभुआ विधानसभा में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कहा प्रधानमंत्री की योजनाएं हर गांव और हर घर में पहुंची हैं। लगभग 4 लाख लोगों को किसान सम्मान निधि और इतने ही लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ भी मिल रहा है।आयुष्मान योजना में गरीबों का 5 लाख तक का ईलाज बड़े अस्पतालों में मुफ्त किया जा रहा है।वही 5 हजार गरीबों का विवाह कराया गया है।5 हजार दिव्यांगों को ट्राई साईकिल,कान की मशीन, छड़ी , कृत्रिम अंग समेत 400 दिव्यांगों को मोटराइज्ड साइकिल दी गई है। सांसद श्रीमती गांधी ने इलेक्शन के दो महीने बाद प्रत्येक गांव में जरुरत के अनुसार 40 से 100 पात्र लोगों को आशियाना देने का वादा किया है।उन्होंने कहा मैं चाहती हूं कि हर गरीब के पास अपना आशियाना हो। सांसद श्रीमती गांधी ने बताया आज एक मां- बाप आए जो अपनी मंदबुद्धि लड़की को पढ़ाना चाहते थे। मैंने आधा घंटा खोजबीन की तो पता चला कि दूबेपुर ब्लाक के भांई में एक मानसिक मंदित स्कूल है। मैंने वहां की मालकिन ऋषा वर्मा से बात की वह बच्ची कल से उनके स्कूल जाएगी।एक व्यक्ति आया बताया लखनऊ के विवेकानंद अस्पताल में मेरा मरीज वेंटीलेटर पर हैं।आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद 25 हजार रुपए ले रहे हैं।मैंने वहां पर जिम्मेदारों से बात कर उसके द्वारा दिए गए सारे पैसे वापस कराए ।अब उसका इलाज आयुष्मान कार्ड से हो रहा है।मेरे पास इस तरह की मुसीबत लेकर रोज-रोज लोग आते हैं।कभी किसी का नाम जाति और कौम नहीं पूछती। बस मुसीबत पूछ कर मदद करती हूं।मेरे यहां से कोई भी खाली नहीं जाता। मेरे कंधे इतने ताकतवर हैं कि मैं सबके बोझ उठा सकती हूं।मुझे लोगों की मदद करने में खुशी मिलती है।क्योंकि मैं यहां सांसद नहीं एक मां के रूप में लोगों की सेवा करती हूं। उन्होंने असरवन में लोगों से सीधा संवाद करते हुए कहा हमारे प्रतिद्वंद्वी जाति के आधार पर खड़े हुए है। जाति की राजनीति हमारी मानसिकता को छोटा करती है। हमको जाति कौम पर नहीं विकास और अपने स्वार्थ पर वोट देना चाहिए। देखना चाहिए कौन सा प्रत्याशी आपकी मुसीबत में आपके साथ खड़ा मिलेगा। उन्होंने आज फिर दोहराया की संविधान पत्थर की लकीर पर लिखा है। जैसा है वैसा ही रहेगा।विपक्षी झूठ और भ्रम फैला रहे हैं।मुझे अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है। जो 5 सालों से निस्वार्थ भाव से गरीबों की मदद करते हैं और मोदी जी का झंडा गांव और घर-घर लहरा रहें हैं। भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि शुक्रवार को सांसद ने लंभुआ विधानसभा के असरवन जद्दूपुर ज्ञानीपुर धनीपुर नारायनपुर बेलडाडी भिटौरा अर्जुनपुर सदरपुर चितावनपुर पथरा बूधापुर और शहर के सीताकुंड गेट समेत एक दर्जन नुक्कड़ सभाओं में शामिल हुई। ज्ञानीपुर में रामजस यादव उर्फ काका ने सपा छोड़कर भाजपा का झंडा थाम लिया।इस मौके पर लोकसभा प्रभारी के.के. सिंह, विधायक सीताराम वर्मा के पुत्र कर्नल पंकज वर्मा आदि मौजूद रहे।
