लकड़ी माफिया की भेंट चढ़ा पीपल का पेड़
दूबेपुर सुल्तानपुर : क्षेत्र में हरे पेड़ों के अवैध कटान रुकने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं बिना परमिट के पेड़ काटे जा रहे हैं तो कहीं प्रतिबंधित पेड़ लकड़ी माफियाओं की ओर से काटे जा रहे हैं। हरे पेड़ों की अवैध कटान से जहां वन माफिया अपनी जेब भर रहे हैं वहीं वन विभाग की लापरवाही से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। धम्मौर थाना क्षेत्र के ग्राम कुत्तुबपुर के पदनवापुर में लगे सैकड़ों वर्ष का प्रतिबंधित प्रजाति का पुराना पीपल का हरा पेड़ वन माफियाओं की भेंट चढ़ गया। गांव के निकट लगा पीपल का पेड़ लकड़ी माफिया काट रहे हैं। लेकिन न तो वन विभाग को ही भनक लगी और न ही इलाकाई पुलिस को। इससे क्षेत्र के लकड़ी माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। इस संबंध में क्षेत्रीय वनाधिकारी राज कुमार मौर्य का कहना है कि पीपल एक प्रतिबंधित पेड़ है ऐसे पेड़ों की कटाई के लिए लकड़ी माफिया के ऊपर चालान कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
