टाइनी टाट्स पब्लिक स्कूल में ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। टाइनी टाट्स पब्लिक स्कूल, लाल डिग्गी द्वारा बच्चों के लिए ग्रीष्मकालीन शिविर का आयोजन किया गया जो 20 मई से 31 मई तक चलेगा। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे प्रतिष्ठित कवि डॉ डी एम मिश्र। सर्वप्रथम डॉ मिश्र ने फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया और स्कूल की निदेशक डॉ अंजलि श्रीवास्तवा के साथ दीप प्रज्वलन करके सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर बच्चों और अध्यापकों को संबोधित करते हुए डॉ मिश्र ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढाई के साथ -साथ खेलकूद भी बहुत ज़रूरी है। साथ ही गीत, संगीत, नृत्य, घुड़सवारी आदि की ट्रेनिंग भी बच्चों की दी जायेगी। यह बहुत अच्छी योजना है। डॉ मिश्र ने बच्चों को अपनी कुछ कविताएँ भी सुनाईं। स्कूल की निदेशक डॉ अंजलि श्रीवास्तवा ने कहा कि अवकाश के दिनों में भी बच्चों को अपनी पढ़ाई जारी रखनी है और उन्हें जो भी होमवर्क दिया गया है वह भी पूरा करना है। कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन शिविर प्रभारी देवी सहाय पांडेय और विजय कुमार यादव द्वारा किया गया। इस मौके पर स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक गण मौजूद थे।
