चांदा थाना समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी गई समस्याएं
चांदा (सुलतानपुर)। चांदा थाने में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। समाधान दिवस की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने की। इस दौरान थाने पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को शिकायतों का शीघ्र एवं नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़ी विभिन्न शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
साथ ही पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान क्राइम इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार मिश्रा, कानूनगो समेत राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने फरियादियों को उनकी समस्याओं के उचित एवं निष्पक्ष समाधान का भरोसा दिलाया।


