झटका मशीनों के खिलाफ सुलतानपुर में बड़ा अभियान, 64 मशीनें हटवाई गईं
सुलतानपुर। खेतों में फसलों की सुरक्षा के नाम पर लगाए जा रहे अवैध झटका मशीनों से होने वाली जनहानि को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देश पर एसडीएम व सीओ के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में गांव-गांव जाकर अवैध मशीनें हटवाई जा रही हैं।
अभियान के तहत अब तक 64 अवैध झटका मशीनें हटवाई गई हैं। धम्मौर क्षेत्र के शाहपुर शरकण्डे डीह से तीन, लम्भुआ के रामपुर कुर्मियान से दो, जयसिंहपुर क्षेत्र से 20, बल्दीराय के सिंहनी, बरासीन आदि गांवों से 15, मोतिगरपुर के पहाड़पुर, बेलहरी, डडवा कला व पटखौली से 12 तथा गोसाईगंज के बिठ्ठलपुर आदि गांवों से 12 मशीनें हटाई गईं।
प्रशासन की संयुक्त टीमें किसानों और ग्रामीणों को झटका मशीनों से होने वाले विद्युत करंट के खतरे के प्रति जागरूक भी कर रही हैं। इसके अलावा मशीनों की बिक्री करने वाले विक्रेताओं को चिन्हित कर दुकानों पर छापेमारी और बरामद मशीनों को सीज करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनहानि की आशंका को देखते हुए अवैध झटका मशीन लगाने या उनकी बिक्री की अनुमति नहीं दी जाएगी। अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



