देवाढ़ बाजार में सड़क पार कर रही किशोरी को बाइक ने मारी टक्कर, गंभीर घायल
कादीपुर, सुलतानपुर। कादीपुर क्षेत्र के देवाढ़ बाजार में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे सड़क हादसे में 17 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार कादीपुर खुर्द निवासी गुलाबचंद विश्वकर्मा की पुत्री पारुल अपनी मां के साथ ननिहाल पट्टी गोपापुर से वापस घर लौट रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देवाढ़ बाजार में सड़क पार करते समय कादीपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल से उसकी टक्कर हो गई।
हादसे में पारुल के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार जलालपुर दुर्गापुर निवासी जंग बहादुर पुत्र छोटेलाल (23) भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
