देवार घाट सेतु पहुँच मार्ग का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण

 देवार घाट सेतु पहुँच मार्ग का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण








 गुणवत्ता व प्रगति की ली जानकारी





सुलतानपुर, 06 मई। जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने मंगलवार को गोमती नदी पर निर्माणाधीन देवार घाट सेतु के पहुँच मार्ग एवं सुरक्षात्मक निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम लम्भुआ गामिनी सिंगला और प्रशिक्षु आईएएस रिदम आनंद भी मौजूद रहे।


यह सेतु अकबरपुर-कादीपुर-चांदा पट्टी-देल्हूपुर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या 128) पर स्थित है। इसका निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। पहुँच मार्ग की लंबाई 400 मीटर है, जिसकी कुल स्वीकृत लागत ₹2886.60 लाख है। कार्य की शुरुआत मार्च 2024 में हुई थी और इसे मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है।


निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सेतु निगम ने जानकारी दी कि अब तक सेतु भाग का 12 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं, भूमि अधिग्रहण की समस्या को लेकर अधिशासी अभियंता द्वारा अवगत कराए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एसडीएम व तहसीलदार को तत्काल भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने मौके पर सीमेंट, सरिया, बालू आदि सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण किया और निर्देश दिए कि समय-समय पर थर्ड पार्टी से सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। साथ ही कार्यदायी संस्था को हिदायत दी गई कि निर्माणाधीन सेतु के दोनों ओर चेतावनी साइनेज अवश्य लगाए जाएं और निर्माण कार्य गुणवत्ता पूर्ण एवं समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post