भजनों से गूंजा कोतवाली परिसर, आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; पुलिस-जनता के सौहार्द की दिखी अनूठी मिसाल


भजनों से गूंजा कोतवाली परिसर, आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब; पुलिस-जनता के सौहार्द की दिखी अनूठी मिसाल





चांदा, सुलतानपुर। चांदा कोतवाली परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार भक्ति, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से सजा कोतवाली परिसर आकर्षण का केंद्र रहा। पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए। देर रात तक चले कार्यक्रम में भक्ति गीतों और भजनों से पूरा वातावरण कृष्णमय बना रहा।



जन्मोत्सव को लेकर कोतवाली भवन से लेकर पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा की अगुवाई में श्रद्धालुओं के बैठने, जलपान और प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में संगीत कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से जुड़े भजन प्रस्तुत किए तो श्रद्धालु भक्तिरस में डूब गए।



कार्यक्रम का माहौल उस समय और अधिक भक्तिमय हो गया, जब अपराध निरीक्षक इंस्पेक्टर धर्मेंद्र मिश्रा ने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुति पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया। भजन संध्या के दौरान कोतवाली परिसर में देर तक भक्ति की गूंज सुनाई देती रही।



रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन और आरती की गई। आरती के समय क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर भी आयोजन में शामिल हुए। 



प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।



प्रभारी निरीक्षक राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में भजन प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को सम्मानित भी किया गया। आयोजन में ग्राम प्रधानों के साथ क्षेत्र के कई सम्मानित नागरिकों की मौजूदगी रही। लोगों ने आयोजन की व्यवस्था और भव्यता की सराहना की।



क्षेत्रवासियों का कहना था कि चांदा कोतवाली में इस तरह का भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पहली बार देखने को मिला है। पुलिस कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए दिन रात हम लोगों की रक्षा सुरक्षा करने के लिए खड़ी रहती है और अपराधियों के लिए सख्त रहती है, वहीं आम नागरिकों की मित्र भी है। 



आयोजन ने पुलिस और आमजन के बीच संवाद, सहभागिता और सौहार्द को भी मजबूत करने का संदेश दिया। धार्मिक आयोजन में पुलिसकर्मियों और क्षेत्रवासियों की संयुक्त भागीदारी ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post