मोतीगरपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो घायल समेत तीन गिरफ्तार
सुलतानपुर। मोतीगरपुर थाना क्षेत्र में 29 अगस्त की देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों की पहचान शिवम सिंह और रतन निषाद के रूप में हुई है। दोनों को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने बदमाशों के तीसरे साथी सत्यम गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर अवैध असलहे एवं कारतूस बरामद किए गए हैं। बरामदगी में अवैध तमंचा, पिस्टल, जिंदा एवं खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल शामिल बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके आपराधिक इतिहास और बरामद सामान के संबंध में जांच शुरू कर दी है।
मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा मामले की छानबीन की।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।



