विधायक ताहिर खान ने लगाई जन चौपाल
जनता की शिकायतें सुनीं बोले-गर्मी से मरने वालों के लिए सदन में उठाऊंगा सवाल
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। पूर्व सांसद और इसौली विधायक ताहिर खान ने सोमवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में एक वृहद जन चौपाल लगाई। यहां जनता से लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की जन समस्याओं को सुनकर उन्होंने त्वरित कार्रवाई की कोशिश की। विधायक ताहिर खां ने कहा कि गर्मी से मौत पर कहा कि मौतें हुई हैं लेकिन कई लोगों ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। मैं कार्यकर्ताओं से डिटेल मंगा रहा हूं और सदन में सवाल उठाकर उन्हें सहायता राशि दिलवाउंगा। इसौली के झारखंड मंदिर रवनिया पश्चिम (अलीगंज) के पास पंडित की बाग में क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विधायक ने एक जन चौपाल लगाई। इसके माध्यम से सीधे जनता की समस्याओं को सुनने उन्होंने शिकायतों का त्वरित निराकरण करने का प्रयास किया। मीडिया को जानकारी देते हुए विधायक ताहिर खां ने बताया कि जन चौपाल के माध्यम से सीधे जनता और पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सभी समस्याओं पर बिंदुवार चर्चा और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करने का प्रयास भी करेंगे। विधायक ताहिर खां बोले- हम किसी जाति-धर्म के विधायक नहीं.. विधायक ने कहा कि हमारा इलाका बहुत ही पिछड़ा हुआ है। यह शहर से ज्यादा दूर तो नहीं है, 10 किमी से शुरू हो जाता है पर इसका दायरा बहुत लंबा है। सारे इलाके से लोगों को बुलाकर के अधिकारियों को बुलाकर सुनवाई की। प्रधानमंत्री सड़क योजना और नाबार्ड से भी हमने क्षेत्र के लिए सड़कें लिखी हैं। यहां हर पार्टी के लोग आए हम किसी एक जाति धर्म के विधायक नहीं हैं। हम यहां सबका काम कर रहे हैं।जिसने वोट दिया उसका भी भला जिसने नहीं दिया उसका भी भला। विधायक ने अपराध पर कहा कि प्रशासन एक्टिव है हां कहीं कमी है तो उसे दूर किया जाएगा।
