स्वामी विवेकानंद जी की 122वीं पुण्यतिथि पर मातृभूमि सेवा संस्था सुल्तानपुर इकाई द्वारा कार्यक्रम का आयोजन
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। विवेकनगर स्थित विवेकानंद पार्क में आयोजित एक सभा में स्वामी विवेकानंद जी को उनकी 122वीं पुण्यतिथि पर माल्यार्पण तथा भावभीनी श्रद्धांजलि देने हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी जी के प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। प्रमुख अतिथियों और वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद जी के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कैसे स्वामी जी ने भारतीय संस्कृति योग और वेदांत को पश्चिमी दुनिया में प्रस्तुत किया और युवाओं को आत्मनिर्भरता अनुशासन और आत्मविकास के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने स्वामी विवेकानंद के प्रसिद्ध शिकागो भाषण का उल्लेख किया जिसमें उन्होंने अमेरिकन बहनों और भाइयों के शब्दों से श्रोताओं का दिल जीत लिया था। उन्होंने स्वामी जी के शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद ने मानवता की सेवा को सच्ची पूजा बताया और जाति धर्म भाषा से परे सभी को एकता और भाईचारे का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मातृभूमि सेवा संस्था के जिलाध्यक्ष डॉ अजय कुमार तिवारी प्रांतीय अध्यक्ष श्री अशोक कुमार श्रीवास्तव प्रांतीय महामंत्री श्री शिव मूर्ति पांडेय जिला संयोजक श्री अनिल श्रीवास्तव नगर अध्यक्ष श्री आकाश जायसवाल श्री विजय सिंह कमला प्रसाद पांडेय ओमप्रकाश गुप्ता जगदीश श्रीवास्तव विनय यादव हरिप्रसाद श्रीवास्तव ओम प्रकाश मिश्रा राकेश कुमार पाठक आदि लोग उपस्थित थे।
