हिन्दी विभाग में प्री पी एच डी कोर्स वर्क का सेमिनार सम्पन्न
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। सुलतानपुर। कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान सुलतानपुर के हिन्दी विभाग में सत्र 2022-23 के प्री-पी-एच.डी. कोर्स वर्क के शोधार्थियों का सेमिनार संपन्न हुआ। सभी शोधार्थी डा. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय अयोध्या के अधीन अपना वर्क पूर्ण कर रहें । इस अवसर पर अध्यक्ष, हिंदी विभाग प्रोफेसर राधेश्याम सिंह ने शोधार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि शोध के प्रति हमें अपनी दृष्टि वैज्ञानिक और वस्तुनिष्ठ रखनी होगी। इसी दृष्टि के सहारे देश की बहुक्षेत्रीय चुनौतियों से मुक्ति संभव है। प्रो. प्रतिमा सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि संगोष्ठी एक बौद्धिक निर्मिति का उपक्रम है। इससे हमारी चेतना और विचारों की समृद्धि होती है। वहीं डा.पवन कुमार रावत ने कहा कि शोध एक बेहतर दुनिया के सृजन से जुड़ी हुई वैज्ञानिक प्रक्रिया है। हिंदी साहित्य और तमाम अस्मितामूलक विमर्शों में हुए शोध ने बेहतर दुनिया विकसित करने के रास्ते आज उपलब्ध करायें हैं। सेमिनार में अस्मितामूलक विमर्श, इक्कीसवीं सदी के कथा साहित्य में स्त्री लेखन की चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ, वैश्विक होती हिंदी, आधुनिक सन्दर्भो में नागार्जुन और उनकी कविता की उपादेयता, हिंदी कहानी का बदलता परिदृश्य, समकालीन हिंदी कविता पर वैश्वीकरण का प्रभाव, बाजार और हिंदी कविता, कामायनी और प्रत्याभिज्ञा दर्शन, हिंदी व्यंग्य और ज्ञान चतुर्वेदी सांस्कृतिक नायक राम और हिंदी कविता आदि विषय पर शोधार्थियों ने अपने विचार रखे। सेमिनार में अमित कुमार, अच्युत शुक्ला, भावना वर्मा, कंचन, विजय लक्ष्मी, आरती पाल, सूरज पटेल, आदित्य गुप्ता, सुष्मिता मौर्या, शैलेन्द्र, वीरेंद्र कश्यप आदि शोधार्थियों ने सेमिनार प्रस्तुतीकरण में प्रतिभाग किया। हिन्दी विभाग के अध्यक्ष नें बताया कि यह शोधपरक कार्यक्रम कोर्स वर्क के अन्तिम चरण का कार्यक्रम रहा।
