सुलतानपुर में मां की मौत का मामला
20 दिन बाद भी नहीं आई सीएमओ की जांच रिपोर्ट, विवेचना अटकी, प्रभावशाली है आरोपी डॉक्टर
सुलतानपुर के हनुमंत मैटरनिटी एवं ट्रामा सेंटर में चिकित्सकीय लापरवाही से हुई एक मरीज की मौत के मामले में सीएमओ की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। महराजगंज, थाना कुड़वार निवासी जितेन्द्र कुमार ने अपनी मां शिव कुमारी को पित्त की थैली में पथरी के इलाज के लिए 13 मई को अस्पताल में भर्ती कराया था।
डॉ. मानसी तोमर, डॉ. डीबी सिंह और डॉ. मो. रजा की टीम ने मरीज का ऑपरेशन किया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद रात भर कोई चिकित्सक देखने नहीं आया। अगले दिन सुबह 9 बजे स्टाफ नर्स ने मरीज को बिना डॉक्टर की उपस्थिति में चलाने का प्रयास किया। इस दौरान मरीज की हालत बिगड़ गई।
परिजनों का आरोप है कि स्टाफ नर्स ने एक इंजेक्शन लगाया और डॉक्टर को बुलाने के बावजूद कोई नहीं आया। कुछ देर बाद डॉ. डीबी सिंह ने आकर मरीज को मृत घोषित कर दिया। मामले की शिकायत कोतवाली नगर में दर्ज कराई गई।
जिलाधिकारी ने सीएमओ को तीन सदस्यीय टीम से एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे। लेकिन 20 दिन बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट नहीं आई है। सूत्रों के अनुसार, अस्पताल संचालक डॉ. डीबी सिंह और डॉ. मानसी तोमर के प्रभाव के कारण जांच रिपोर्ट प्रभावित हो सकती है। विवेचक का कहना है कि सीएमओ की रिपोर्ट के बिना जांच आगे नहीं बढ़ सकती।


