सड़क सुरक्षा माह: सुलतानपुर पुलिस का विशेष अभियान, 461 वाहनों का चालान, 5.50 लाख से अधिक शमन शुल्क
सुलतानपुर। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर चारू निगम के कुशल निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे ‘सड़क सुरक्षा माह’ अभियान के तहत यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया गया। बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस एवं संबंधित थानों की टीमों ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया गया और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। पुलिस का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शहर में यातायात को सुगम बनाना है।
दिनांक 24 फरवरी 2026 को सुलतानपुर पुलिस द्वारा कुल 461 वाहनों का चालान किया गया, जबकि शमन शुल्क के रूप में 5 लाख 50 हजार 500 रुपये की वसूली की गई। बिना हेलमेट चलने पर 229 चालान किए गए, तीन सवारी बैठाने पर 29 वाहनों का चालान किया गया, वहीं नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर एक वाहन को सीज किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना अनिवार्य है, जबकि चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है, इसलिए लोग जिम्मेदार नागरिक बनें और नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करके ही सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सकता है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।




