गेहूं के खेत में भीषण आग, सात बीघा फसल जलकर राख

 गेहूं के खेत में भीषण आग, सात बीघा फसल जलकर राख



चांदा (सुलतानपुर)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत घमहा दारापुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक गेहूं के खेत में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में करीब सात बीघा खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। इस घटना से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने बाल्टी, पाइप, मोटर और अन्य उपलब्ध संसाधनों का सहारा लेकर कड़ी मशक्कत की। कई घंटे की कोशिशों के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक खेतों में खड़ी पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।



प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खेतों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन में शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से आग लगी। सूखी गेहूं की फसल और तेज हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।



इस आगजनी की घटना में राजू सिंह, मोनू सिंह, आशीष सिंह और समर बहादुर सिंह सहित कई किसानों की लगभग सात बीघा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि यह उनकी साल भर की मेहनत थी, जो कुछ ही पलों में राख में बदल गई।



घटना के बाद प्रभावित किसानों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं और मांग की है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। वहीं, प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित राहत दिलाने की अपील की गई है।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post