कोथरा खुर्द में अधूरा जल जीवन मिशन: आधे गांव तक सीमित पानी, ग्रामीण बेहाल विभाग ख़ुशहाल
चांदा (सुलतानपुर)। लम्भुआ तहसील के प्रतापपुर कमैचा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा कोथरा खुर्द में जल जीवन मिशन का कार्य वर्षों बाद भी अधूरा पड़ा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन गांव में यह लक्ष्य अभी अधूरा नजर आ रहा है।
गांव में अमृत सरोवर और प्राथमिक विद्यालय के पास बनी पानी की टंकी से सड़क के दक्षिणी हिस्से में रहने वाले परिवारों को नियमित जलापूर्ति हो रही है। वहीं, सड़क के उत्तरी हिस्से के लोग अब भी इस सुविधा से वंचित हैं, जबकि उनके घरों तक पाइपलाइन और टोंटियां पहले ही लगाई जा चुकी हैं। अधूरी सप्लाई के कारण उन्हें आज भी पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब पूरी संरचना तैयार है, तो फिर जलापूर्ति शुरू न होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। इस संबंध में जूनियर इंजीनियर धर्मेंद्र विमल ने बताया कि करीब 100 मीटर क्षेत्र विवादित होने के कारण सप्लाई बाधित है। हालांकि, जब उनसे वैकल्पिक मार्ग से पाइपलाइन बिछाने का सुझाव दिया गया, तो वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके।
गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तकनीकी या प्रशासनिक अड़चनों को जल्द दूर कर पूरे गांव को योजना से जोड़ा जाए। उनका कहना है कि जब आधे गांव को पानी मिल सकता है, तो शेष हिस्से को वंचित रखना अन्यायपूर्ण है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।



