सुल्तानपुर में मौसम ने बदली करवट
चलती अर्टिगा पर गिरा विशाल पेड़
प्रयागराज रोड पर हादसा, कार क्षतिग्रस्त, सवार सुरक्षित बचे।
सुल्तानपुर में शनिवार रात करीब 8:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी के साथ रुक-रुक कर बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसी दौरान, प्रयागराज रोड पर प्रतापगंज चौकी के पास एक बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं के कारण एक विशालकाय आम का पेड़ चलती अर्टिगा कार पर गिर गया।
यह अर्टिगा कार प्रयागराज से लखनऊ जा रही थी, जिसमें दो लोग सवार थे। पेड़ गिरने से कार के परखच्चे उड़ गए और वह मलबे में दब गई। हालांकि, गनीमत रही कि कार में सवार दोनों लोगों की जान सुरक्षित बच गई और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें कार से बाहर निकाला गया।
इस घटना के बाद देहात कोतवाली क्षेत्र में सड़क पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। तेज आंधी के कारण शहर के दो से तीन फीडर पर घंटों विद्युत आपूर्ति भी बाधित रही।
मौसम विभाग (आई एम डी) के अनुसार, पिछले 24 घंटों में हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम तापमान 32.0°C (सामान्य से 2 डिग्री कम) और न्यूनतम तापमान 20.7°C (सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक) दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग ने 4 और 5 अप्रैल की रात के लिए विशेष चेतावनी भी जारी की थी। पूर्वानुमान के अनुसार, आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना है। रात के समय 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की उम्मीद है, जिसकी झोंकों की गति 50 किमी/घंटा तक जा सकती है। लोगों को संभावित बिजली गिरने और तेज हवाओं को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


