कांशीराम आवास कॉलोनी में वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान, सेवार्थम ने अपने खर्च से कराई मरम्मत
टंकी की सफाई से लेकर टूटी पाइपलाइन तक हुई दुरुस्त, स्वच्छता अभियान के प्रथम चरण का भी शुभारंभ
चांदा सुल्तानपुर। नगर पंचायत कोइरीपुर के विवेक नगर स्थित कांशीराम आवास कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही पेयजल एवं साफ-सफाई की समस्याओं को लेकर शनिवार को सेवार्थम फाउंडेशन ने पहल करते हुए समाधान कराया। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी ने कॉलोनी पहुंचकर समस्याओं का जायजा लिया और अपने निजी खर्च से आवश्यक मरम्मत कार्य कराकर लोगों को राहत पहुंचाई।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक, जल निगम की ओर से स्थापित पानी की टंकी की मोटर लंबे समय से खराब पड़ी थी। इसके अलावा पानी की सप्लाई करने वाली पाइपलाइन भी कई स्थानों पर टूट गई थी, जिसके चलते कॉलोनी के लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था। दो दिन पूर्व कॉलोनीवासियों ने इन समस्याओं से डॉ. आशीष तिवारी को अवगत कराया था।समस्या की जानकारी मिलते ही डॉ. तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सेवार्थम टीम को अपने निजी फंड से समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए।
शनिवार को टीम ने मौके पर पहुंचकर खराब मोटर की मरम्मत कराई। पानी की टंकी की पूरी तरह सफाई कराई गई तथा पानी की सप्लाई में बाधक बनी टूटी पाइपलाइन को प्लंबर बुलाकर दुरुस्त कराया गया। मरम्मत कार्य के बाद कॉलोनी के सभी टावरों तक पानी पहुंचाने में सफलता मिली।इसके साथ ही कॉलोनी में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को भी दूर करने का प्रयास किया गया।
लंबे समय बाद पानी की व्यवस्था सुचारु होने पर कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली और सेवार्थम फाउंडेशन की पहल की सराहना करते हुए डॉ. आशीष तिवारी का आभार जताया।समस्याओं के समाधान के बाद डॉ. आशीष तिवारी ने कॉलोनी में स्वच्छता अभियान के प्रथम चरण का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लोगों को अपने घर के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ रखने की आदत विकसित करनी होगी।अभियान के दौरान कॉलोनी परिसर में साफ-सफाई की गई और लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
डॉ. तिवारी ने कहा कि सेवार्थम फाउंडेशन जनसमस्याओं के समाधान के साथ-साथ स्वच्छता और जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगा।कॉलोनीवासियों ने कहा कि वर्षों से पानी की समस्या झेल रहे लोगों की शिकायत पर जिस तत्परता से निजी खर्च से मोटर, टंकी और पाइपलाइन की मरम्मत कराई गई, उससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। इस मौके पर कॉलोनी के लोग, सेवार्थम फाउंडेशन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


