लगातार बारिश से मकान का छज्जा भरभराकर गिरा, स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
चांदा (सुल्तानपुर)। चांदा कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कोइरीपुर के पंतनगर शिवाला रोड स्थित जितेंद्र जायसवाल निवासी मोहल्ला कंचननगर के मकान का छज्जा मंगलवार को लगातार हो रही बारिश के चलते अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छज्जा गिरते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल सड़क पर आवागमन रोक दिया। इसके बाद दुर्घटना की आशंका को देखते हुए मकान के क्षतिग्रस्त एवं लटक रहे हिस्से को सुरक्षित तरीके से गिरा दिया गया, जिससे किसी भी बड़ी दुर्घटना की संभावना टल गई।गनीमत रही कि घटना के समय छज्जे के नीचे कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
इस कारण किसी प्रकार की जनहानि या आर्थिक क्षति नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लगातार हो रही बारिश के बीच लोगों ने जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग भी की है।


