भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन
न्यू गीतांजलि टाइम्स सुल्तानपुर। कमला नेहरू संस्थान मे वृहस्पतिवार को भारतीय भाषा, संस्कृति एवं कला प्रकोष्ठ द्वारा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा का आयोजन किया गया। इस आयोजन के उद्देश्य के संदर्भ में प्रकोष्ठ की समन्वयिका श्रीमती वंदना सिंह ने बताया कि इस तरह के प्रतियोगिता से छात्रों में अपनी संस्कृतियों को जानने की उत्सुकता बढ़ेगी और वे देश की गौरवशाली परंपरा और संस्कृतियों से परिचित होंगे। इसी क्रम में प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ सर्वेश कुमार ने बताया कि इस तरह के कार्यक्रम से छात्रों में क्षेत्रीय संस्कृति एवं कला की पहचान हो पाएगी। प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ पवन रावत ने भारतीय संस्कृति में वर्णित वर्ण और आश्रम व्यवस्था पर प्रकाश डाला। उर्दू की विभागाध्यक्ष डॉ निकहत रफीक ने बताया कि अनेकता में एकता, आध्यात्मिकता और भौतिकता का समन्वय तथा ग्रहणशीलता आदि हमारी संस्कृति की विशेषता रही हैं। इसे हमें अक्षुण्ण रखने का अनवरत प्रयास करना चाहिए। इस परीक्षा में संस्थान के 65 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में प्रकोष्ठ के अन्य सदस्य डॉ सुनीता राय, डॉ शक्ति सिंह की भी सक्रिय सहयोगिता रही।
