बाबा जनवारी नाथ धाम में मंगला आरती के एक वर्ष पूरे हुई फूलों व गुलाल की होली
न्यू गीतांजलि टाइम्स सुल्तानपुर। जिले के प्रसिद्ध बाबा जनवारी नाथ धाम में संध्याकालीन मंगला आरती के एक वर्ष पूरे हो गए। सोमवार को होली पर्व पर भक्तों ने धाम परिसर में गुलाल व फूलों की होली खेली। धाम परिसर में गेंदा व गुलाब के फूलों से मनोरम सजावट की गई थी। इस दौरान आचार्यगण ने संगीतमय फगुआ गीत भी गाया। बाद में प्रसाद वितरण भी किया गया। समीप के सैतापुर सराय गांव में मौजूद बाबा जनवारी नाथ धाम में ठीक एक वर्ष पहले प्रत्येक सोमवार को सायंकालीन मंगला आरती का आयोजन शुरू किया गया था। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जनवारी नाथ का विधिवत पूजन , पंचामृत स्नान के बाद उनका श्रृंगार लोगों के बीच काफी पसंद किया जाने लगा। सोमवार को इस आयोजन के एक साल पूरे हो गए। मंगला आरती के मुख्य आचार्य पं रवि शंकर शुक्ल ने इसकी जानकारी दी तो भक्तों ने जयघोष कर प्रसन्नता व्यक्त की। मुख्य यजमान सैतापुर सराय निवासी शिक्षक रमा शंकर मिश्र ने सपरिवार भगवान के विग्रह, गणेश जी व नन्दी जी का पूजन किया। इस दौरान अर्घ्या समेत शिवलिंग व नंदी जी का फूलों से सजाया गया था। रुद्राष्टक का पाठ आचार्यगण ने सस्वर किया। खासी संख्या में मौजूद महिला - पुरुष भक्तों ने भगवान शिव की आरती उतारी। ट्रस्ट के अध्यक्ष रणबीर सिंह ने युवाओं को इस आयोजन से जुड़ने का आह्वान किया। इस मौके पर पीठाधीश्वर आचार्य पं सुधांशु तिवारी प्रमोद योगी पँ राहुल तिवारी पँ आशीष जी प्रभारी निरीक्षक अखण्डदेव मिश्र राम प्रदोष बरनवाल रमेश दूबे नन्हें तिवारी संतराम तिवारी रामकेश सिंह छोटेलाल सिंह कृष्णपाल सिंह आदि मौजूद रहे। जबकि धाम की सजावट व गुलाल - फूलों की होली में शिवम शुभम रमेश आशीष बरनवाल मोनू साहू नीरज शर्मा संदीप आदि ने हिस्सा लिया।
