भाजपा की जीत का अंतर इतना बड़ा हो जिसकी गूंज दिल्ली तक जाए :मेनका
सुल्तानपुर से मेरा राजनीतिक नहीं दिल का है रिश्ता : मेनका
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। सुल्तानपुर से भाजपा प्रत्याशी मेनका संजय गांधी ने आज प्रचार के अंतिम दिन धुआंधार सभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि यहां के मतदाता भाजपा को इतने मतों के अंतर से जिताए जिसकी गूंज दिल्ली तक पहुंचे। ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए आपका सहयोग मिलना बहुत जरूरी है। उन्होंने सभी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की। आज प्रचार के अंतिम दिन हर सभा में उमड़े जन सैलाब को देखकर भावुक हुई मेनका गांधी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या को देखकर आज मैं अपनी जीत के प्रति पूरी तरीके से आशवस्त हूं। इससे लगता है कि मेरी जीत का अंतर इतना बड़ा होगा कि उसकी गूंज दिल्ली तक जाएगी और इतनी भीड़ देखकर मुझे आशा है कि पूरे भारत में सबसे ज्यादा अंतर से कोई सांसद चुना जाएगा तो सबसे ऊपर मेरा नाम होगा। उन्होंने आज सुल्तानपुर से अपने दिल का रिश्ता बताते हुए अपने व पूर्व में अपने बेटे वरुण गांधी द्वारा किए गए कार्यों को भी बताया साथ ही कहा कि पहले मेरे बेटे ने आप लोगों की सेवा की उसके बाद उसने मुझे सेवा का अवसर दिया।जिसे मैने मां के रूप में 5 साल तक निभाया। अब आपका यह कर्तव्य बनता है कि अपने मत से एक मां को और मजबूत कीजिए। जिससे वह आपके विकास के लिए और भी मजबूती से और भी योजनाएं दिल्ली से लाए। भाजपा प्रवक्ता विजय सिंह रघुवंशी ने बताया कि मेनका गांधी ने गुरुवार को लंभुआ विधानसभा के बाईपास चौराहा रानीपुर सरायमकरकोला तेरयें श्रीपुर चौराहा एवं अवनीश सिंह अंगद के संयोजन में लंभुआ स्थिति मेला वाली बाग समेत एक दर्जन नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। इसके अलावा श्रीमती गांधी ने त्यागीपुर में सीता नगर कॉलोनी में तथा क्रिश्चियन हॉस्पिटल में सिस्टर जार्ज एवं डॉक्टर अर्चना के संयोजन में बैठक की।इस मौके पर एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश सिंह अंगद ब्लॉक प्रमुख कुंवर बहादुर सिंह ब्राह्मण समाज अध्यक्ष रमेश दुबे नन्दन चतुर्वेदी डॉ केपी सिंह राममूर्ति वर्मा प्रधान संघ अध्यक्ष मनोज गोस्वामी मुन्ना लाल जायसवाल राम नारायण उपाध्याय प्रवीण सिंह अनिल तिवारी आकाश जायसवाल आदि मौजूद रहे।
