आतंकवादियों और उनके स्थानीय सहयोगियों के खिलाफ भी कठोर कार्यवाही करे सरकार - राजेश गुप्ता
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। जम्मू। कश्मीर में हो रहे आतंकवादियों के हमले के खिलाफ देश भर में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। इसी कड़ी में जम्मू शहर में विश्व हिन्दू परिषद जम्मू कश्मीर व लद्दाख प्रांत के शीर्ष नेताओं की अगुवाई में एक विशाल शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा में रियासी हमले में शहीद हुए निर्दोष श्रद्धालुओं के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आये सैकड़ों लोगों ने आतंकवादियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एक विशाल जुलूस निकाला। शोक सभा को संबोधित करते हुए जम्मू-कश्मीर व लद्दाख प्रांत के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने मांग किया कि सरकार आतंकवादियों के खिलाफ तत्काल कठोरतम कार्यवाही करे क्योंकि इस समय देश भर से हजारों श्रद्धालु तीर्थ यात्रा के लिए जम्मू-कश्मीर आ रहे हैं। आगे अमरनाथ यात्रा में भी लाखों की संख्या में तीर्थयात्री आयेंगे। ऐसे में आतंकवादियों द्वारा उनके ऊपर जानलेवा हमला करना अत्यंत चिंता का विषय है। इस दौरान विश्व हिन्दू परिषद जम्मू कश्मीर व लद्दाख प्रांत के प्रदेश अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि आतंकवादियों को बिना लोकल सपोर्ट मिले इतनी बड़ी वारदात अंजाम करना संभव नहीं है। सरकार को आतंकवादियों के स्थानीय स्तर पर छिपे सहयोगियों को भी ढूंढ कर उनके खिलाफ कठोर कार्यवाही करनी चाहिए।
