मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराए बिना ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली थोपना अव्यावहारिक
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। गत कई दिनो से शासन द्वारा प्रस्तावित डिजिटल उपस्थिति के कारण शिक्षक असहज और व्यथित हैं। शिक्षकों में व्यापक असंतोष है। शिक्षकों की इस ऑनलाइन उपस्थिति के विरोध मे शिक्षकों का कहना है कि हम ऑनलाइन उपस्थिति देने का विरोध नही कर रहे हैं अपितु ऑनलाइन उपस्तिथि की राह मे विभिन्न प्रकार के संकट और कठिनाइयां है। उन कठिनाइयों और समस्याओं का निराकरण करने का अनुरोध लगातार किया जा रहा है। शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्तिथि के बहाने शिक्षकों को प्रताड़ित करने का नियम लागू किया जा रहा है। शिक्षकों के द्वारा अपनी बात रखने को भी विरोध की संज्ञा दी जाती है। अतएव संघ अपने शिक्षकों के साथ पूरी ऊर्जा और निष्ठा से शिक्षकों के सेवा शर्तों में अपेक्षित सुधार न होने की दशा में और विभाग द्वारा शिक्षकों पर अव्यवहारिक दमनकारी नीति अपमानजनक आदेश थोपे जाने के कारण संघ की संवैधानिक विधा में दृढ़तापूर्वक विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन करेगा। इसके लिए संघ चरणबद्व एवम योजनाबद्ध ढंग से संघर्ष करने को तैयार है। दिनांक 11 और 12 जुलाई को बी आर सी केंद्र बल्दीराय पर अपराह्न 2:00 बजे ऑनलाइन उपस्थिति एवं निम्न समस्याओं के निराकरण हेतु 1- 30 ईएल की व्यवस्था 2- हाफ सीएल की व्यवस्था 3- शिक्षकों का घर के नजदीक स्थानांतरण 4- विद्यालयों तक उपयुक्त मार्ग की व्यवस्था 5- सुदूर ग्रामीण अंचल में नेटवर्क की समस्या इत्यादि मांगे रखता है । अध्यक्ष राज बक्स मौर्य ने सभी शिक्षक भाइयों एवं शिक्षिका बहनों से आग्रह किया कि आज दिनांक- 11जुलाई 24 को अपनी मांगों के समर्थन में अधिक से अधिक संख्या में बीआरसी बल्दीराय पहुँचकर पंजिका पर हस्ताक्षर करके अपनी सहमति और असहमति प्रदर्शित करें तथा संगठन को संबल प्रदान करने का कष्ट करें।
