सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल

 सड़क हादसे में पिता की मौत, बेटा गंभीर रूप से घायल




सुल्तानपुर जनपद के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर धारपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुधवार को एक बाइक सवार परिवार खड़ी ट्रक में पीछे से टकरा गया, जिससे मौके पर ही एक वृद्ध की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।




प्राप्त जानकारी के अनुसार मामपुर गांव निवासी जब्बार (उम्र लगभग 60 वर्ष) अपने पुत्र मोबीन (उम्र लगभग 32 वर्ष) और रिश्तेदार नन्हे (निवासी ताजुद्दीनपुर, दोस्तपुर) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे धारपुर गांव के समीप पहुंचे, वैसे ही सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक से उनकी बाइक पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जब्बार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोबीन और नन्हे गंभीर रूप से घायल हो गए।



घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रक को सीज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक बिना इंडिकेटर या चेतावनी संकेत के सड़क किनारे खड़ा था, जिससे यह हादसा हुआ। इस दुखद दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post