जलभराव में ही चलने को मजबूर हैं मोहल्लेवासी
पानी निकासी न होने की वजह से बरसात में घरों में पहुंच जाता है नाले का पानी
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। सुलतानपुर के घासीगंज वार्ड नंबर-15 के मोहल्लों में पानी भर जाने से राहगीरों को आने-जाने में असुविधा हो रही है। बारिश के चलते गड्ढों में पानी जमा होने से इस पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार मरम्मत के लिए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीण इलाकों के साथ-साथ शहरी इलाकों में भी पानी भर जाने से लोगों चलना दुश्वार हो गया। शहर में स्थित वार्ड नंबर-15 घासीगंज के करबला के पीछे स्थित मोहल्लों में बरसात के चलते पानी का जलभराव हो जाता है, जिससे राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मौलाना बाबा के पीछे स्थित मोहल्लों में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं बगल में नाले होने के चलते लोगों के घरों में पानी भर जा रहा है। स्थिति यह है कि लोग पानी के अंदर होकर गुजर रहे हैं। कई बार सभासद तथा अन्य जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि घर के बगल नाला होने के कारण बरसात में घरों में पानी आ जाता है। पानी निकासी की व्यवस्था न होने की वजह से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात में पानी के साथ-साथ गंदगी का भी जमावड़ा हो जाता है। सांसद व सभासद सहित अन्य प्रतिनिधियों को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन अभी तक उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई है। वहीं मो. हारून मो. तस्लीम मो. नसीममो. आरिफ ने जल्द से जल्द मरम्मत करवाए जाने की मांग की है। इस संबंध में सभासद संदीप गुप्ता से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन बात नहीं हो पायी।
