राहुल गांधी का पुतला दहन करने से नाराज कांग्रेसियों ने भेजा राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन
ऐसे कृतियों पर प्रशासन लगाऐ रोक अन्यथा हम कांग्रेस जन ब्लॉक व तहसीलों में भाजपा नेताओं का करेंगे पुतला दहन : अभिषेक सिंह राणा
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। भाजपा व उनके आनुषंगिक संगठनों द्वारा कांग्रेस नेता एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी का पुतला व फोटो जलाए जाने से नाराज कांग्रेसियों ने सांकेतिक प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व व शकील अंसारी की मौजूदगी में कई दर्जन कांग्रेस कार्यकर्ता व नेता जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय से निकलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने राहुल गांधी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद, मल्लिकार्जुन खड़गे जिंदाबाद, कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद आदि नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना के प्रतिनिधि के रूप में आये एसडीएम दीपक वर्मा को राज्यपाल को संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश के जिन स्थानों पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की फोटो/पुतला जलाया गया है वहां के जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भाजपा व उनके अनुषांगिक संगठन के जिन लोगों ने पुतला/फोटो जलाने का अपराधिक कृत्य किया है उनके कृत्य की विधिवत जांच कर समुचित विधिक कार्यवाही करने का आदेश दिया जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा विगत दिनों संसद में हमारे नेता राहुल गांधी द्वारा भाजपा के नकली हिन्दुत्व का पर्दाफाश करते हुए भ्रष्टाचार तथा नीट यूजी - 2024 की परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक का मामला उठाकर भाजपा का झूठ बेनकाब किया था जिससे उनके अनुषांगिक संगठन तिलमिला गए हैं और भाजपा कार्यकर्ता हिसा पर उतारू हो गये। वाराणसी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के पुश्तैनी घर के सामने पुलिस की मौजूदगी और संरक्षण में हमारे नेता रायबरेली सांसद व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की फोटो जलाने की कोशिश की गई थी, और अभी विगत दिनों जनपद सुल्तानपुर में भी इन्हीं के अनुषांगिक संगठनों ने फोटो और पुतला दहन किया था। आज यदि कांग्रेस के लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका होता तो अब तक यही जिला प्रशासन मुकदमा दर्ज करवा देता। वहीं जब भाजपा के संगठन राहुल गांधी का पुतला फूंक रहे हैं तो पुलिस हाथ बांधे खड़ी है। वहीं उन्होंने जिला प्रशासन को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसे कृत्यों पर रोक नहीं लगी तो हम कांग्रेस जन जिले के सभी ब्लॉक व तहसीलों पर भाजपा के नेताओं का पुतला दहन करेंगे। इस मौके पर लाल पद्माकर सिंह शहर अध्यक्ष शकील अंसारी सुब्रत सिंह सनी विनय त्रिपाठी पवन मिश्र कटांवा रणजीत सिंह सलूजा मानस तिवारी प्रेम शुक्ला शीतल साहू आदि लोग शामिल रहे। नाराज कांग्रेसियों को रोकने हेतु प्रशासनिक अमला रहा अलर्ट वही नाराज कांग्रेसियों के प्रदर्शन की भनक लगते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। जिलाधिकारी कार्यालय के मुख्य गेट के पास सीओ सिटी शिवम मिश्रा व कोतवाल एके दिवेदी अग्निशमन वाहन व भारी पुलिस बल के साथ कलेक्ट्रेट गेट के सामने बेरिंकेटिंग कर दिया जिससे आक्रोशित कांग्रेसियों को किसी भी प्रकार की हिंसक घटनाओं से रोका जा सके।
