एनपीएस/यूपीएस शासनादेश के विरोध में अटेवा सुल्तानपुर ने प्रतीकात्मक प्रतिया जलाकर किया विरोध
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। जनपद सुल्तानपुर में पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर अटेवा टीम के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर अटेवा जिला अध्यक्ष अशोक सिंह गौरा के निर्देशन में शिक्षकों,कर्मचारियों, और अधिकारियों ने एकजुट होकर एनपीएस/यूपीएस शासनादेश की प्रतीकात्मक प्रतियां जलाते हुए अपना विरोध प्रकट किया। विरोध प्रदर्शन में जिले के सभी विभागों के शिक्षक, कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रदर्शनकारियों ने दोनों योजनाओं को कर्मचारियों के भविष्य के लिए हानिकारक बताते हुए इसे खारिज करने की माॅंग की। अटेवा जिला अध्यक्ष अशोक सिंह गौरा ने कहा, हमारी माॅंग स्पष्ट है, पुरानी पेंशन की बहाली। यह हमारे हक की लड़ाई है, जिसे हम तब तक जारी रखेंगे जब तक सरकार इसे बहाल नहीं करती। ये दोनों हमें किसी भी हालत में स्वीकार नहीं।" प्रदर्शन के दौरान शिक्षक- कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन को अपना अधिकार बताते हुए कहा कि यह कर्मचारियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है।अटेवा के जिला महामंत्री मो0 हसीब ने सरकार से अपील की कि कर्मचारियों के हित में जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाल की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी माॅंगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन ने जिले में सरकारी, कर्मचारियों की एकजुटता और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता को उजागर किया। शिक्षकों,कर्मचारियों, और अधिकारियों ने पुरानी पेंशन की मांग को लेकर अपने दृढ़ संकल्प को व्यक्त करते हुए संघर्ष को अंजाम तक पहुंचाने की बात कही। यूपीएस का विरोध करने वालों में अटेवा के ब्लॉक एवं जिला पदाधिकारियों के साथ-साथ ,स्वास्थ्य विभाग,रेलवे विभाग,कृषि विभाग,लोक निर्माण विभाग,समस्त शिक्षक विभाग,नलकूप विभाग,बिकास भवन,पंचायत विभाग,पंचायत सफाई कर्मचारी संघ,पशुपालन विभाग आदि बिभागों के शिक्षक, कर्मचारी,अधिकारी,एवं समस्त बिभागों के पदाधिकारियों ने बढ़ भी चढ़कर हिस्सा लिया।