पुलिस का दिखा मानवीय चेहरा
लंभुआ क्षेत्र में सराहनीय कार्य, जनता कर रही प्रशंसा
सुल्तानपुर जनपद के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र में पुलिस का एक मानवीय चेहरा सामने आया है, जो क्षेत्रीय जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है। मामला एक अज्ञात डेड बॉडी मिलने का है, जो कीचड़ और पानी से भरे एक गड्ढे में पड़ी हुई थी।
घटनास्थल पर सैकड़ों लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी गड्ढे में उतरकर शव को निकालने की हिम्मत नहीं दिखाई। ऐसे समय में कोतवाली प्रभारी अखिलेश सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद राम ने बिना देरी किए गड्ढे में उतरकर पूरी निष्ठा से डेड बॉडी को बाहर निकाला।
पुलिसकर्मियों की इस संवेदनशील और साहसिक पहल की स्थानीय लोगों ने दिल खोलकर सराहना की है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मानवीय कार्य की खूब चर्चा हो रही है।
जहां अक्सर पुलिस पर लापरवाही या कठोरता के आरोप लगते हैं, वहीं इस तरह के कार्य पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं। अखिलेश सिंह व अरविंद राम की तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि पुलिस सिर्फ कानून का पालन कराने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशील और समर्पित सेवा है।

