अमेठी पुलिस को बड़ी कामयाबी: अंतरजनपदीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार
अमेठी। पुलिस अधीक्षक श्रीमती अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत थाना अमेठी पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। क्षेत्राधिकारी अमेठी के नेतृत्व में डेढ़पसार के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो अंतरजनपदीय शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार किया।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध नंबर प्लेट वाली बाइक को रोकने की कोशिश की गई, तो दोनों आरोपी भागने लगे। मगर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मो. सलमान पुत्र मो. जमाल निवासी ग्राम ठेंगहा थाना संग्रामपुर और प्रीतम वर्मा पुत्र मुरली वर्मा निवासी ग्राम भवानीपुर तलिया थाना संग्रामपुर के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे अमेठी, रायबरेली, सुलतानपुर और प्रतापगढ़ जिलों से बाइक चोरी कर उन्हें संग्रामपुर स्थित एक मरम्मत की दुकान में लाकर पुर्जों में तोड़कर बेच देते थे। पुलिस ने उक्त दुकान पर छापा मारकर 9 चोरी की बाइकें बरामद कीं, जिनमें 3 बाइकें पूरी हालत में थीं और 6 टुकड़ों में खुले पुर्जों के रूप में थीं। इसके अलावा भारी मात्रा में मोटरसाइकिल के पुर्जे, एक ग्राइंडर मशीन और एक वेल्डिंग मशीन भी जब्त की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त मो. सलमान के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, चोरी और बलात्कार जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
इस पूरे ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह, उप निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश, राकेश व संदीप मिश्रा, कांस्टेबल जितेंद्र यादव, सौरभ अग्रहरि, श्याम जी और राजेश यादव ने प्रमुख भूमिका निभाई।


