सुल्तानपुर पुलिस कप्तान ने थानों और मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण🔹

🔹सुल्तानपुर पुलिस कप्तान ने थानों और मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण🔹



सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने जिले की कानून-व्यवस्था एवं आगामी त्योहारों की तैयारियों को लेकर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण की शुरुआत थाना अखंडनगर क्षेत्र स्थित चौकी राहुल नगर से हुई, जहां उन्होंने पुलिस बल की उपस्थिति, अभिलेखों, शस्त्रों और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने चौकी प्रभारी और मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस, गणेश चतुर्थी, प्रतिमा विसर्जन और चेहल्लुम जैसे संवेदनशील आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्ण सतर्कता बरती जाए।



एसपी ने दर्ज मुकदमों की स्थिति, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारियों से कहा कि अपराधियों पर शिकंजा कसें, आमजन से सीधा संवाद बनाएं और महिला अपराध, अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई करें। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए गए।



इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने पिकेट ड्यूटी का आकस्मिक निरीक्षण भी किया और ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को सजग एवं संवेदनशील रहकर कार्य करने की हिदायत दी।



नगर कोतवाली अंतर्गत पांचोपीरन मेले का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य प्रमुख पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने मेला ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, जनता से शालीन व्यवहार करने और हर परिस्थिति से निपटने को तत्पर रहने का निर्देश दिया।



एसपी ने मौके पर उपस्थित आम नागरिकों से सीधा संवाद भी किया और उन्हें पुलिस को हर संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सुल्तानपुर पुलिस जनसेवा और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

Post a Comment

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

Previous Post Next Post