अवैध आरा मशीन पर वन विभाग का कड़ा एक्शन
चांदा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छतौना कला में बग़ीचे के अंदर अवैध रूप से चलाई जा रही आरा मशीन का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग हरकत में आ गया।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, क्षेत्रीय वन अधिकारी गौरव सिंह ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आरा मशीन को उखड़वाकर सीज करने की कार्रवाई शुरू कर दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मशीन को दोबारा न लगाने की सख्त हिदायत दी गई।
सूत्रों के अनुसार, इस अवैध आरा मशीन पर चोरी-छिपे अवैध लकड़ी कटान कर चीराई की जा रही थी। ग्रामीणों ने पहले भी इस संबंध में कई बार शिकायतें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई थीं, लेकिन प्रशासन और विभागीय मिलीभगत के चलते कार्रवाई नहीं हो पा रही थी।
वन अधिकारी गौरव सिंह ने स्पष्ट किया कि “मामला सामने आते ही तुरंत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यदि भविष्य में दोबारा ऐसा कोई कृत्य सामने आता है, तो संबंधित दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
यह कार्रवाई वन माफियाओं और विभागीय लापरवाही के गठजोड़ पर करारा प्रहार मानी जा रही है। ग्रामीणों ने इस कदम की सराहना की है और आशा जताई है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर अब रोक लगेगी।



