मिशन शक्ति फेज-05 : महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा, अधिकार व साइबर अपराध के प्रति किया गया जागरूक
सुल्तानपुर। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक अखण्ड प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को थाना जयसिंहपुर पुलिस टीम ने मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। प्र0नि0 सत्येन्द्र कुमार सिंह, उ0नि0 सुवोध कुमार त्यागी, उ0नि0 परमान्द पाण्डेय सहित पुलिस कर्मियों ने ग्राम बझना स्थित संकट मोचन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में छात्र-छात्राओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। उपस्थित बच्चों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
साथ ही छात्र-छात्राओं को वूमेन पॉवर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी साझा की गई ताकि संकट की स्थिति में तत्काल मदद प्राप्त हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने बढ़ते साइबर अपराध, डिजिटल अरिना व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा करते हुए सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग संबंधी सुझाव दिए। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को न केवल सामाजिक स्तर पर बल्कि डिजिटल दुनिया में भी सुरक्षित और सशक्त बनाना है।



