मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं व बालिकाओं को किया गया जागरूक
सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान (फेज-5.0) के अंतर्गत सुलतानपुर पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में 25 सितम्बर 2025 को जनपद के सभी थानों पर गठित महिला सुरक्षा टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों व बाजारों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा टीम ने उपस्थित बालिकाओं को शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं, मिशन शक्ति केंद्र, कानूनी प्रावधानों और उनके अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही हेल्पलाइन नंबरों जैसे—वूमेन पॉवर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, एम्बुलेंस-108, चाइल्ड लाइन-1098, स्वास्थ्य सेवा-102, महिला हेल्पलाइन-181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 आदि के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिला सुरक्षा टीम ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और शोषण से बचाव के उपाय भी समझाए। इस दौरान पंपलेट वितरित कर उन्हें विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई ताकि किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे तत्काल मदद प्राप्त कर सकें।
पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को न केवल जागरूक करना है बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना भी है। मिशन शक्ति के तहत आगे भी इसी प्रकार जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।



