मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक, पुलिस ने चलाया विशेष अभियान
सुलतानपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर जनपद में ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ (द्वितीय चरण) एवं ‘शक्ति दीदी’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक चारू निगम के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों द्वारा संचालित किया गया।
इसी क्रम में थाना कादीपुर क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी विनय गौतम के नेतृत्व में महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान डायल-112, महिला हेल्पलाइन-181, वुमेन पावर लाइन-1090, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, सीएम हेल्पलाइन-1076, वन स्टॉप सेंटर-181, स्वास्थ्य सेवा-102, एंबुलेंस सेवा-108 और साइबर हेल्पलाइन-1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तार से बताया गया।
वहीं, कोतवाली नगर क्षेत्र में महिला निरीक्षक हंसमती एवं महिला कांस्टेबल नेहा द्वारा भी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करते हुए पंपलेट वितरित किए गए। उन्हें आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और संकट की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई
जनपद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और धार्मिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्हें सुरक्षा उपायों के प्रति सचेत रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है। इस अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया, जिससे समाज में सुरक्षा और सम्मान की भावना को और मजबूती मिली है।




