कमला नेहरू संस्थान में संचालित विश्वविद्यालयीय परीक्षा का कुलपति ने किया औचक निरीक्षण
सुलतानपुर न्यू गीतांजलि टाइम्स। कमला नेहरू स्वायत्तशासी संस्थान में संचालित विश्वविद्यालयीय परीक्षा व्यवस्था का शुक्रवार को अवध विश्वविद्यालय अयोध्या की कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा गोयल नें औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण में अवध विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ अन्जनी कुमार मिश्र व परीक्षा नियंत्रक उमानाथ नें परीक्षा प्रणाली के हर पहलूओं का गहन निरीक्षण व परीक्षण किया। संस्थान में शुक्रवार के दिन प्रथम पाली में परीक्षा संस्थान के विज्ञान संकाय में शुरू हो चुकी थी। सुबह लगभग 7:30 बजे कुलपति विश्वविद्यालयीय अधिकारियों के साथ पहुंचीं। संस्थान प्राचार्य प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह द्वारा कुलपति के निरीक्षण दल को विज्ञान संकाय में संचालित प्रत्येक परीक्षा कक्षों का भ्रमण कराया गया। 06 कमरों में बी ए शिक्षाशास्त्र व बी एस सी वनस्पति विज्ञान के 343 परीक्षार्थी पूरी शुचिता के साथ परीक्षा देने में तल्लीन रहे। परीक्षा मानक के अनुरूप डॉ के एन राय व डॉ अंशुमान सिंह सहित 20 अनुमोदित प्राध्यापक विश्वविद्यालयीय परीक्षा के दौरान कक्ष परिप्रेक्षण कार्य में लगे रहे। कुलपति सहित विश्वविद्यालयीय निरीक्षण दल के सभी अधिकारीगण कमला नेहरू संस्थान की परीक्षा व्यवस्था से बहुत ही संतुष्ट नजर आए एवं संस्थान प्राचार्य प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह की प्रसंशा की। इस दौरान प्रोफेसर प्रतिभा गोयल द्वारा संस्थान प्राचार्य से विश्वविद्यालयीय परीक्षा संबंधित कुछ बहुमूल्य पक्षों यथा नोडल केन्द्र व्यवस्था, परीक्षा नियंत्रण कक्ष, कक्ष परिप्रेक्षण, सहायक केन्द्राध्यक्षों की कार्यवृत्ति एवं आन्तरिक सचलदल की सामयिक भूमिका आदि की जानकारी ली गई। संस्थान प्राचार्य प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह नें कुलपति को बताया कि 31 मई से 09 जुलाई 2024 तक संचालित विश्वविद्यालयीय परीक्षा को सम्पन्न कराने हेतु यह संस्थान परीक्षा मानक के अनुरूप समस्त व्यवस्था कर चुका है। प्रतिदिन ससमय प्रश्न पत्रों को पूरी गोपनियता के साथ नोडल सेन्टर से प्राप्त कर लिया जाता है। सहायक केन्द्राध्यक्षों व सचल दल की टोलियां तीनो पालियों में परीक्षा संपन्न कराने में पूरी लगन व पारदर्शी तरिके से अपना महत्वपूर्ण सहयोग देने में कृतसंकल्पित हैं। तीनों पालियों में मेरी उपस्थिति में सभी सचल दल सदस्यों द्वारा परिक्षार्थियों की सघन तलाशी के दौरान परीक्षा भवन में प्रवेश कराया जाता है। कक्ष परिप्रेक्षक भी पूर्ण मुस्तैदी के साथ परीक्षा सम्पन्न कराने में अपनी भूमिका का निर्वहन करते हैं। परीक्षा की शुचिता व्यवस्था कायम रहे व मानक के अनुरूप परीक्षा सम्पन्न हो इस निमित्त संस्थान के सभी अनुमोदित प्राध्यापकों की परीक्षा ड्युटी लगायी गयी है। किसी परीक्षार्थी व कर्मचारी को इस भीषण गर्मी में कोई स्वास्थ्य समस्या उत्पन्न न हो व ससमय परीक्षा सकुशल सम्पन्न हो जाए इसके पूर्ण प्रबन्धन के साथ कमला नेहरू संस्थान लगा हुआ है। संस्थान प्राचार्य के प्रतिउत्तर से कुलपति अवध विश्वविद्यालय व अन्य अधिकारीगण संस्थान की परीक्षा प्रणाली से पूर्णतया आश्वस्त दिखे व अंत में संस्थान प्राचार्य प्रोफेसर आलोक कुमार सिंह की पुनः प्रशंसा करते हुए डॉ नीरज सिंह, डॉ नवीन विक्रम सिंह, डॉ मोईन अतहर, डॉ अजीत कुमार सिंह, डॉ प्रभात सिंह, डॉ वीरेंद्र श्रीवास्तव एवं सुशील कुमार मिश्र सहित सभी सहायक केन्द्राध्यक्षों आंतरिक सचल दल सदस्यों कक्ष परिप्रेक्षकों व अन्य कर्मचारीगणों का उत्साहवर्धन करते हुए अन्य परीक्षा केन्द्रों की ओर प्रस्थान किए।

