कृषि सखियों को प्राकृतिक खेती के बारे में किया गया जागरूक
दो बैंचों का पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण सम्पन्न
सुलतानपुर, न्यू गीतांजलि टाइम्स। कमला नेहरू कृषि विज्ञान केन्द्र में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत कृषि सखियों का 19 जून से 23 जून तक दो बैंचों का पांच दिवसीय प्राकृतिक खेती विषयक आवासीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। जिसमें विकास खण्ड जयसिंहपुर, करौंदीकला, दोस्तपुर, कुड़वार, बल्दीराय, कूरेभार एवं दूबेपुर की 57 कृषि सखियों ने प्रतिभाग किया। केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. जेबी सिंह ने प्राकृतिक खेती का मृदा स्वास्थ्य एवं पोषक तत्व प्रबंधन के बारे में एवं बायो इनपुट के बारे में कृषि सखियों को अवगत कराया। केन्द्र के मास्टर ट्रेनर/पशुधन वैज्ञानिक डा. दिवाकर वर्मा ने फसल और पशुधन एकीकरण, स्वास्थ्य और पोषण पर कृषि सखियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत प्राकृतिक खेती के मास्टर ट्रेनर/कृषि प्रसार वैज्ञानिक डा. सीके त्रिपाठी ने प्राकृतिक खेती के सभी पहलुओं पर चर्चा करते हुए विस्तार के तरीके, विस्तार सेवायें और पैरा विस्तार श्रमिकों के गुण के बारे में कृषि सखियों से चर्चा की एवं प्राकृतिक उपज का प्रमाणन और विपणन को कैसे किया जाय इसके बारे में कृषि सखियों को जागरूक किया। मास्टर ट्रेनर के रूप में डा. सी.के त्रिपाठी एवं डा. दिवाकर वर्मा ने प्राकृतिक खेती में उपयोग किये जाने वाले उत्पाद बीजामृत जीवामृत घनजीवामृत नीमास्त्र व्रम्हास्त्र दशपर्णी अर्क आदि को कैसे किस पद्धति से बनाया जाय और उनका उपयोग किस प्रकार से किया जाय और इसकी मात्रा एवं प्रयोग के बारे में बताया। साथ ही प्राकृतिक खेती में कीट एवं रोग प्रबन्धन जल प्रबन्धन तथा कृषि प्रणाली और बीज प्रणाली पर कृषि सखियों को जानकारी देने के साथ इनका कृषि में क्या योगदान है विषय पर विस्तृत चर्चा की गयी। ग्यारहवें एवं बारहवें बैच के प्रशिक्षण समापन के उपरान्त आज दिनांक 23 जून को 57 कृषि सखियों का मूल्यांकन परीक्षा करायी गयी तदोपरान्त उनको मिशन के अन्तर्गत प्राकृतिक खेती से सम्बन्धित साहित्य पेन पैड फोल्डर एवं गु्रप फोटोग्राफ उपलब्ध कराया गया। इस मौके पर केन्द्र के प्रभारी वैज्ञानिक डा. ए.के. सिंह नीना सक्सेना अतुल कुमार सिंह रोहित सिंह मो. मोहसिन खान कौशल कुमार मिश्र आदि मौजूद रहे।
